
एम्स ऋषिकेश में आयोजित विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (WAAW-2026) का मंगलवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर संस्थान की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। एमबीबीएस के छात्रों ने त्रिवेणी घाट पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और इनके सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया। वहीं, संस्थान में सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम और फार्मेसी स्टीवर्डशिप कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के समापन पर संस्थान में ‘वन हेल्थ’ विषय पर आयोजित सीएमई का उद्घाटन एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मानव, पशु और पर्यावरणीय स्वास्थ्य क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोगात्मक अनुसंधान और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
समापन समारोह के दौरान फार्मेसी स्टीवर्डशिप कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें एंटीबायोटिक दवाओं के AWaRe वर्गीकरण, रोगाणुरोधी दवाओं के उचित उपयोग और प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वहीं, ‘इंटीग्रेटेड एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप चैंपियन वार्ड’ पहल के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इमरजेंसी आईसीयू को विजेता घोषित करते हुए टीम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने भी संबोधित किया।
उधर, जागरूकता अभियान के तहत एम्स के एमबीबीएस छात्रों ने त्रिवेणी घाट पर नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान बताए। छात्रों ने संदेश दिया कि बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए और निर्धारित तरीके से ही इनका इस्तेमाल करना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने विशेषज्ञों से एंटीबायोटिक दवाओं के उपयोग को लेकर सवाल भी पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए दवाओं के जिम्मेदाराना इस्तेमाल की जानकारी दी। सप्ताहभर चले जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी समापन अवसर पर सम्मानित किया गया।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post