
मानसून सीजन के दौरान उत्तराखंड में भूस्खलन और मलबा आने से अक्सर कई सड़कें बाधित हो जाती हैं, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश जारी किए हैं।
विभागीय सचिव पंकज कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान संवेदनशील और बार-बार बाधित होने वाले मार्गों पर कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि 24 घंटे से अधिक समय तक बंद रहने वाली सभी सड़कों की विभागीय स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ऐसी सड़क पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो सड़क खोलने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा और कार्य में तेजी सुनिश्चित करेगा।
सचिव पंकज कुमार पांडे ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि मानसून के दौरान लोगों को न्यूनतम परेशानी हो और बाधित मार्गों को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारू बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क खोलने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित रखी जाए।
उन्होंने कहा कि विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि प्रदेश में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहे।
डॉ पंकज कुमार पांडेय, सचिव, PWD
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post