
देहरादून के गुनियालगांव स्थित निर्माणाधीन सैन्यधाम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे किए जाएं।
मंत्री जोशी ने बताया कि 09 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित उत्तराखंड दौरे के दौरान सैन्यधाम का लोकार्पण प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि यह सैन्यधाम प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना और धामी सरकार के संकल्प का परिणाम है। देशभर के विभिन्न स्मारकों के अध्ययन के बाद इसे देश का सबसे बेहतर सैन्यधाम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सैन्यधाम में म्यूजियम, थियेटर और लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें शहीदों की वीरता की गाथाएं और ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शित होंगे। मंत्री जोशी ने कहा कि लोकार्पण के बाद यह स्थान चारधाम की तरह एक आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनेगा, जहां लोग देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने आएंगे।
निरीक्षण के दौरान नक्षत्र वाटिका की स्थापना सहित अन्य निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post