उत्तरकाशी जनपद में युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला खेल महाकुंभ इस वर्ष 20 दिसंबर से प्रारंभ होगा। इस बार खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिता, विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी और संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जाएगी।
एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं 20 दिसंबर से और विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 25 से 28 दिसंबर तक आयोजित होंगी। प्रतिभागिता बढ़ाने के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व बैठकें आयोजित करने तथा ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी ने बताया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाएं भाग लेंगे। विभिन्न स्तरों पर एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट, बॉलीबाल, पिट्ठू, मलखम्ब, रस्सा कस्सी, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी संबंधित विभागों को आयोजन में सहयोग के निर्देश दिए गए हैं।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post