
भारतीय रेल ने हाल ही में विभिन्न ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में कई मामलों में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार राजस्थान के अमरपुरा स्टेशन के पास हुई घटना में किसी व्यक्ति द्वारा ट्रेन की लिनेन सामग्री को जलाने का प्रयास किया गया, जिससे आग लगी। वहीं हावड़ा में आग लगी ट्रेन के बाथरूम से पेट्रोल में भीगा हुआ कपड़ा बरामद किया गया।
कोटा में राजधानी ट्रेन में लगी आग की शुरुआती लपटें भी बाथरूम से उठी थीं। इसके अलावा सासाराम में खाली ट्रेन और खाली कोच में आग लगने की घटना में पावर जनरेटर मौजूद नहीं था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने अंदर जलती हुई वस्तु फेंकी होगी।
रेलवे ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सभी घटनाओं की सघन जांच की जा रही है। रेल कर्मियों की तत्परता के कारण अमरपुरा और हावड़ा की घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया।
भारतीय रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post