
प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ द पॉली किड्स स्कूल की राजपुर रोड और प्रेम नगर शाखाओं का वार्षिक समारोह 2026-27 हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं, वैश्विक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम में करीब 700 अतिथियों और अभिभावकों ने शिरकत कर बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
राजपुर रोड शाखा की ओर से ‘रंग मंच – जहां सितारे जन्म लेते हैं’ थीम पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसमें भारतीय विरासत और वैश्विक संस्कृति के अनूठे संगम को दर्शाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विदेशी फेस्टिवल, स्वदेशी त्योहार, द मार्शल आर्ट्स शोकेस, स्वदेशी हॉकी प्राइड, घूमर स्वर्ल्स और स्वदेशी एवं विदेशी फ्यूजन जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का समापन ‘टुगेदर वी सेलिब्रेट’ की भव्य प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
वहीं, प्रेम नगर शाखा ने ‘पृथ्वी उत्सव – बदलाव के पंख’ थीम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आदिवासी बीट्स, मिशन ग्रीन, द जंगल स्टोरी, सैफायर – वॉइस ऑफ नेचर, छोटी बूंद बड़ा संदेश और द ग्रीन वॉरियर्स जैसी प्रस्तुतियों के जरिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पृथ्वी को सुरक्षित रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित धरती छोड़ने का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक एवं फूड कमिश्नर बीएल राणा (बंशी लाल राणा) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी मीना बिष्ट तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास की अध्यक्ष नमिता ममगाईं शामिल रहीं। विद्यालय के चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रू और संस्थापक निदेशक रंजना महेंद्रू ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार जताया।
इस अवसर पर निदेशक नंदिता सिंह, गीतिका चलगा, शालिनी नेगी, अकादमिक हेड दिव्या जैन, इवेंट हेड दीप्ति सेठी, हेडमिस्ट्रेस पूनम निगम सहित हिमांशी अरोड़ा, रजनी कालरा और अक्षरा भी मौजूद रहीं।
समारोह ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक समझ को मंच प्रदान करने के साथ ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास और उनमें नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post