
भारतीय प्रेस परिषद की विज्ञापन संबंधी मामलों की उपसमिति आगामी 23 से 26 अगस्त तक देहरादून के दौरे पर रहेगी। उपसमिति संयोजक गुरिंदर सिंह के नेतृत्व में देहरादून पहुंच रही है। इस दौरान समाचार पत्रों के प्रकाशकों की समस्याओं, चुनौतियों और विज्ञापन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय प्रेस परिषद के निजी सचिव अशोक कुमार नवरत्न की ओर से महानिदेशक, सूचना को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि उपसमिति 23 अगस्त को शाम 7 बजे बीजापुर गेस्ट हाउस, देहरादून में समाचार पत्रों के प्रकाशकों के साथ मुलाकात एवं संवाद करेगी।
इसके बाद 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रकाशकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समाचार पत्र प्रकाशकों से उनकी समस्याओं, चुनौतियों और विज्ञापन से संबंधित विषयों की जानकारी ली जाएगी। साथ ही इन समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक चर्चा की जाएगी।
सभी संबंधित समाचार पत्रों के प्रकाशकों से बैठक में उपस्थित होकर अपने विषय एवं समस्याएं रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि उनकी समस्याओं को उपसमिति के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
भारतीय प्रेस परिषद की विज्ञापन संबंधी मामलों की उपसमिति का उद्देश्य समाचार पत्रों और प्रकाशकों से जुड़े विज्ञापन संबंधी मुद्दों को समझना तथा उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करना है। उपसमिति संबंधित पक्षों के साथ संवाद के माध्यम से आवश्यक सुझाव प्राप्त कर विज्ञापन से जुड़े विषयों के निराकरण के लिए आगे की कार्रवाई करेगी।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post