उत्तराखंड के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
26 सितंबर को भाषण, 28 सितंबर को होगी चित्रकला प्रतियोगिता
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 26 सितंबर को प्रत्येक विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे जनपद एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली और ब्लॉक स्तर पर युवा संवाद
विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता बालिका इंटर कॉलेजों में आयोजित की जाएगी। वहीं युवा संवाद कार्यक्रम प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा।
अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
7 अक्टूबर को स्कूलों में होगा गढ़भोज कार्यक्रम
समीक्षा बैठक में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पीएम पोषण योजना के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उत्तराखंड के पहाड़ी और स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को प्रदेश की समृद्ध खान-पान परंपरा, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से परिचित कराना है।
गढ़भोज कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं
विभागीय समीक्षा बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने को कहा।
इसके अलावा आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते और बैग की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में जल्द भेजने को भी कहा गया।
भारत दर्शन और राज्य दर्शन की तैयारी के निर्देश
विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने छात्रों को भारत दर्शन एवं राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से तैयार किया जाए, ताकि उन्हें प्रदेश और देश की विविधता, संस्कृति एवं महत्वपूर्ण स्थलों को समझने का अवसर मिल सके।
बैठक में विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अभियान और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ छात्रहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post