उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन एवं ‘विचार एक नई सोच’ सामाजिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से बीजापुर गेस्ट हाउस में मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री के एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान हुई इस मुलाकात में पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष एवं ‘विचार एक नई सोच’ सामाजिक संगठन के संस्थापक अरुण शर्मा ने किया। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के देहरादून जिला अध्यक्ष एवं संगठन के सचिव राकेश बिजल्वाण तथा यूनियन के कोषाध्यक्ष और संगठन के संस्थापक सदस्य रमन जायसवाल भी शामिल रहे।
अजय टम्टा को शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के आगामी शपथ ग्रहण समारोह में बतौर अतिथि शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इसके साथ ही ‘विचार एक नई सोच’ सामाजिक संगठन की ओर से प्रस्तावित स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम में भी सहभागिता के लिए उन्हें निमंत्रण दिया गया।
उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा
बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड से संबंधित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, विकास कार्यों और यातायात सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों को समाज तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं और उनकी आवाज को जिम्मेदारी के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है।
स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर
‘विचार एक नई सोच’ की ओर से प्रस्तावित स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम के बारे में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इसका उद्देश्य आम लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाना है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि पत्रकारिता और सामाजिक संस्थाओं के साझा प्रयासों से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकता है। यूनियन और सामाजिक संगठन स्वास्थ्य जागरूकता, जनसंवाद और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में लगातार कार्य करने की दिशा में प्रयासरत हैं।
मुलाकात के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का समय देने और आत्मीय संवाद के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उनका मार्गदर्शन भविष्य में जनहितकारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने में उपयोगी होगा।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post