उत्तरकाशी के पुरोला नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों का शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने बाजार बंद कर बाजार पुलिस चौकी के समीप सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने ढोल-नगाड़े बजाकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क पर धरने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मुकेश चंद रमोला भी धरना स्थल पर पहुंचे और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। एसडीएम के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया।
व्यापारियों और विद्युत विभाग के बीच हुई बैठक
धरना समाप्त होने के बाद एसडीएम की अध्यक्षता में कार्यालय में व्यापार मंडल और विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और विभागीय कार्यों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। कई बिंदुओं पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।
बैठक में तय किया गया कि RDSS योजना के तहत पुरोला नगर क्षेत्र में किए जा रहे विद्युत कार्यों के लिए सप्ताह में दो दिन शुक्रवार और रविवार को शटडाउन रहेगा। इन दोनों दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कार्य किया जाएगा।
बिल जमा करने में नहीं होगी परेशानी
उपखंड कार्यालय पुरोला के कैश काउंटर पर बिल जमा कराने के दौरान ऑनलाइन रसीद नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित कैशियर को मैनुअल रसीद के माध्यम से बिल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में परेशानी नहीं होगी।
24 घंटे जारी रहेगा विभागीय मोबाइल नंबर
विद्युत आपूर्ति से संबंधित जानकारी और शिकायतों के लिए विभाग ने 9927106349 मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया है। यह नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। उपभोक्ता बिजली आपूर्ति से संबंधित जानकारी या समस्या के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकेंगे।
शॉर्ट सर्किट से हुए नुकसान की भरपाई होगी
बैठक में यह भी तय किया गया कि विद्युत वितरण खंड बड़कोट के अंतर्गत आरसीसी एनकेजी देहरादून, जो RDSS योजना की कार्यदायी संस्था है, द्वारा 9 सितंबर को नगर क्षेत्र में कराए गए कार्यों के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण जिन उपभोक्ताओं को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संबंधित फर्म की ओर से की जाएगी।
Reported Ny: Gopal Nautiyal












Discussion about this post