
ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी स्कॉर्पियो वाहन गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा ड्यूटी समाप्त कर वापस चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे का पता सुबह राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद चला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विनोद शर्मा मूल रूप से डोईवाला के रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के कारण वह पुलिस विभाग में काफी लोकप्रिय थे।
उन्होंने इससे पहले ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारियां संभाली थीं। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post