उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड हाकम सिंह रावत की 63 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।
ईडी की जांच के अनुसार, हाकम सिंह ने भर्ती घोटाले से अर्जित अवैध धन को वैध दर्शाने के लिए विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया। जांच में यह भी सामने आया कि अवैध कमाई को बैंक खातों, कृषि आय और अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर ईडी ने 63.30 लाख रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है।
ईडी की कार्रवाई को यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एजेंसी मामले में धन के स्रोत, लेन-देन और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस बीच, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने ईडी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नकल माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं और परीक्षार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया है और नकल माफिया के नेटवर्क को लगातार ध्वस्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करना और योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय करना है। नकल और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कमलेश रमन प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post