
पिथौरागढ़। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायक हरीश धामी के भाषण के दौरान अचानक माइक बंद हो गया। इससे नाराज विधायक ने मंच पर ही माइक नीचे फेंक दिया। इसके बाद उनके समर्थक भी मंच पर पहुंच गए और कुर्सियों व माइक स्टैंड में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके थे। इसके बाद धारचूला विधायक हरीश धामी मंच से संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान अचानक माइक बंद हो गया। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक और मेला अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।
माइक बंद होने से नाराज विधायक ने मंच पर ही अपना आक्रोश जाहिर किया और माइक नीचे फेंक दिया। देखते ही देखते उनके समर्थक भी मंच पर पहुंच गए और कुर्सियों तथा माइक स्टैंड में तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
वहीं, पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जगह-जगह अराजकता और अमर्यादित व्यवहार देखने को मिल रहा है। यह कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता आने वाले समय में कांग्रेस को एक बार फिर नकार देगी।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post