सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस दौरे के तहत उत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथ नगर का भ्रमण किया। दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की प्रत्यक्ष जानकारी देना रहा।
ईएसआईसी सनथ नगर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, उन्नत क्लिनिकल सेवाओं और तकनीक आधारित मरीज देखभाल के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित हुआ है। संस्थान बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों को किफायती एवं व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथ नगर की डीन डॉ. एस. सीथालक्ष्मी ने संस्थान के स्वास्थ्य ढांचे और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में ईएसआईसी का नेटवर्क क्षेत्रीय कार्यालय, हैदराबाद के अंतर्गत 4 ईएसआईएस अस्पतालों, 70 औषधालयों, 8 शाखा कार्यालयों और 10 डिस्पेंसरी-कम-ब्रांच ऑफिस के माध्यम से सभी 33 जिलों में फैला है। राज्य में 20,47,160 बीमित व्यक्तियों को वित्तीय सुरक्षा या स्वास्थ्य कवरेज मिल रहा है, जबकि कुल 74,32,916 लाभार्थी इससे जुड़े हैं। इन सेवाओं को 1,63,581 नियोक्ताओं का समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि सनथ नगर परिसर में कुल 1,044 बेड की एकीकृत स्वास्थ्य सुविधा है। इसमें 800 बेड का ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा 244 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शामिल है। परिसर में 159 आईसीयू बेड, 45 डायलिसिस बेड, 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और पांच उन्नत ओटी सूट उपलब्ध हैं। यहां विभिन्न ब्रॉड-स्पेशलिटी एवं सुपर-स्पेशलिटी सेवाओं के साथ 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध है।
बढ़ी मरीजों की संख्या
संस्थान में पिछले चार वर्षों के दौरान मरीज सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वार्षिक ओपीडी उपस्थिति वर्ष 2022 में 6,93,853 से बढ़कर वर्ष 2025 में 9,80,925 हो गई। इसी अवधि में औसत दैनिक ओपीडी 2,354 से बढ़कर 3,248 मरीजों तक पहुंची। वार्षिक दाखिले भी 78,086 से बढ़कर 95,037 हो गए, जबकि औसत दैनिक दाखिले 214 से बढ़कर 315 रहे।
अस्पताल में होने वाली सर्जरी की संख्या भी 2022 में 16,223 से बढ़कर 2025 में 20,117 हो गई। वर्ष 2025 में अस्पताल ने 85.6 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी दर्ज की, जो यहां उपलब्ध तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक उपयोग को दर्शाती है।
दोनों अस्पतालों को वर्ष 2019 से लगातार 500 से अधिक बेड वाली श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ईएसआईसी अस्पताल के रूप में मान्यता मिल रही है। मरीज-केंद्रित और साक्ष्य आधारित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संस्थान ने मजबूत गुणवत्ता प्रणालियां एवं मान्यता तंत्र विकसित किए हैं।
किडनी ट्रांसप्लांट से लेकर सुपर स्पेशलिटी सेवाएं
ईएसआईसी सनथ नगर में कार्डियोलॉजी, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी, हेमेटोलॉजी, प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी तथा फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन जैसी उन्नत सेवाएं उपलब्ध हैं।
नेफ्रोलॉजी एवं यूरोलॉजी के क्षेत्र में अस्पताल ईएसआईसी नेटवर्क में किडनी ट्रांसप्लांट के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। यहां ABO-असंगत किडनी प्रत्यारोपण के साथ लाइव डोनर और कैडवेरिक डोनर दोनों प्रकार के ट्रांसप्लांट किए जाते हैं। संस्थान ने 8 जून 2024 को अपना पहला इन-हाउस कैडवेरिक ऑर्गन रिट्रीवल किया। अब तक यहां 30 किडनी ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं, जिनमें 18 लाइव-डोनर ट्रांसप्लांट शामिल हैं।
वर्ष 2025-26 के दौरान हीमोडायलिसिस सुविधा से 59,868 बीमित मरीजों को लाभ मिला। इससे परिसर में उपलब्ध रीनल-केयर सेवाओं के व्यापक स्तर का पता चलता है।
16.7 लाख से अधिक जांचें
पैथोलॉजी विभाग में एनएबीएल एंट्री-लेवल टर्शियरी-केयर डायग्नोस्टिक प्रयोगशाला संचालित की जा रही है। यहां 162 प्रकार की जांचों के साथ आठ विशेषज्ञता वर्गों में 90 से अधिक इम्युनोहिस्टोकेमिस्ट्री और मॉलिक्यूलर मार्कर उपलब्ध हैं। प्रयोगशाला ने वर्ष 2025-26 में 16.7 लाख से अधिक जांचें कीं, जिससे सामान्य और कैंसर सहित विभिन्न जटिल रोगों की नैदानिक सेवाओं को व्यापक सहायता मिली।
तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
ईएसआईसी सनथ नगर ने स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए कई पहल की हैं। इनमें रेडियोलॉजिकल इमेजिंग के लिए पिक्चर आर्काइविंग एंड कम्युनिकेशन सिस्टम (PACS), ई-आईसीयू, ऑक्सीजन एवं वैक्यूम पाइपलाइन की रीयल-टाइम निगरानी, केंद्रीय सूचना प्रणाली डैशबोर्ड और रीयल-टाइम ऑनलाइन सैंपल कलेक्शन प्रणाली शामिल हैं।
इसके अलावा AAA+ ऐप आधारित ओपीडी सेवाएं, धनवंतरी मॉड्यूल, 100 प्रतिशत ई-ऑफिस कार्यान्वयन, आधार सीडिंग और ओपीडी में लैन कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं भी लागू की गई हैं। होम ड्रग डिलीवरी, होम सैंपल कलेक्शन, AAA+ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन परामर्श तथा 5G-सक्षम एम्बुलेंस सेवाओं से मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और निरंतरता को और मजबूत किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा का भी मजबूत आधार
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, सनथ नगर में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक सुविधाएं उपलब्ध हैं। संस्थान में 150 एमबीबीएस सीटें, 106 एमडी/एमएस सीटें, 15 एम.ची. सीटें और 12 डीएनबी सीटें हैं। इसके अलावा चार डीएनबी और छह एफएनबी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
एलाइड हेल्थ साइंसेज के अंतर्गत कार्डिएक एवं कार्डियोवैस्कुलर टेक्नोलॉजी, मेडिकल रिकॉर्ड्स साइंस, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, ऑप्टोमेट्री, रीनल डायलिसिस टेक्नोलॉजी, रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी और मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न विषयों में 72 सीटें उपलब्ध हैं।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल को डॉ. जया कुंदन गेडाम, डॉ. रत्ना गोसाईं, डॉ. जी. लक्ष्मी प्रसाद और डॉ. जी. तिरुपति ने विभिन्न क्लिनिकल एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की प्रयोगशाला एवं अन्य सुविधाओं का दौरा कर उन्नत नैदानिक बुनियादी ढांचे और मरीज सेवाओं का अवलोकन किया।
यह प्रेस दौरा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए ईएसआईसी सनथ नगर की कार्यप्रणाली, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, सुपर स्पेशलिटी उपचार, अंग प्रत्यारोपण और डिजिटल स्वास्थ्य पहलों को करीब से समझने का अवसर बना।
बढ़ते स्वास्थ्य ढांचे, मरीजों की संख्या, उन्नत प्रत्यारोपण सेवाओं, मजबूत चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था और तकनीक आधारित मरीज सुविधाओं के चलते ईएसआईसी सनथ नगर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल संस्थान के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post