
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली परेड में उत्तराखंड की विशेष झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ प्रदर्शित की जाएगी। यह झांकी देवभूमि की आध्यात्मिक आस्था, प्राकृतिक वैभव, समृद्ध संस्कृति और विकास के बढ़ते कदमों को दर्शाएगी।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि गृह मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने कई चरणों की समीक्षा के बाद उत्तराखंड सहित देश के चुनिंदा आठ राज्यों की झांकियों को इस राष्ट्रीय समारोह के लिए चुना है। झांकी में आठ तत्त्वों की एकता और सामंजस्य की भावना प्रमुख आकर्षण रहेगी।
झांकी निर्माण के नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान के निर्देशन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के 14 सदस्यीय लोक कलाकारों का दल पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देगा। टीम ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में भी सफलतापूर्वक भाग लिया।
एकता दिवस के इस आयोजन में उत्तराखंड की भागीदारी प्रदेश के गौरव और सांस्कृतिक पहचान को नए स्तर पर प्रदर्शित करेगी।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post