देहरादून में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की कमजोरियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
शहर में जलभराव की समस्या को लेकर सबसे बड़ा सवाल ड्रेनेज सिस्टम की कार्यक्षमता पर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों और सीवर की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति देखने को मिलती है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले ही ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त किया जाना चाहिए था। उन्होंने स्वीकार किया कि शहर में विभिन्न विभागों द्वारा चल रहे निर्माण कार्यों के कारण भी कई स्थानों पर जल निकासी प्रभावित हुई है।
मंत्री ने कहा कि सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है और जहां भी जलभराव या अन्य तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, वहां संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन भी जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले रास्तों से बचने तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
खजान दास, कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post