झबरेड़ी कला डबल मर्डर केस में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सगी बहन और पड़ोसी युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन कश्यप को देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार दिन पहले हुई थी डबल मर्डर की वारदात
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कला गांव में करीब चार दिन पहले हुए डबल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। आरोप है कि अमन कश्यप ने अपनी सगी बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
इसे भी पढ़ें
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर उसकी तलाश शुरू की। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपी की तलाश में घेराबंदी कर रही थीं।
पुलिस को देखकर आरोपी ने की फायरिंग
इसी दौरान देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अमन कश्यप झबरेड़ा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अमन कश्यप को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होने का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर नाराज था। आरोपी के अनुसार, इस मामले को लेकर उसे गांव में कथित तौर पर ताने और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दोनों को समझाने का प्रयास करने की बात कही, लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसके बाद गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर दोनों की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस मुठभेड़ और डबल मर्डर से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












Discussion about this post