
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को आगामी 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह कार्यक्रम राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के प्रेक्षागृह में आयोजित होगा।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोग ने चयन सूची विभाग को सौंप दी है, जिसके आधार पर अब नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जा रही है। चयनित शिक्षकों को राज्य के दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में पहली तैनाती दी जाएगी, ताकि वहां शिक्षकों की कमी दूर की जा सके और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो।
डॉ. रावत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में 681 और कुमाऊं मंडल में 671 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है। साथ ही, राज्य सरकार शीघ्र ही प्राथमिक शिक्षा में 2100 सहायक अध्यापक व माध्यमिक शिक्षा में 800 से अधिक प्रवक्ताओं की भर्ती भी करने जा रही है।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post