
एम्स ऋषिकेश में संस्थान की चतुर्थ व्हाइट कोट सेरेमनी के दौरान एमबीबीएस 2025 बैच के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्रियों ने मेडिकल प्रोफेशन की शपथ ली। समारोह के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राज बहादुर ने छात्रों को रोगियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सेवा भाव को अपने पेशे का मूल मंत्र बनाने की सलाह दी।
मुख्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को व्हाइट कोट पहनाकर औपचारिक रूप से चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश दिलाया गया। प्रो. राज बहादुर ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के दौरान प्राप्त अनुभव को रोगियों की पीड़ा दूर करने में लगाना ही एक सफल डॉक्टर की पहचान है।
कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. मीनू सिंह और डीन एकेडेमिक प्रो. जया चतुर्वेदी ने छात्रों को बधाई देते हुए चिकित्सा, अनुसंधान और सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। समारोह को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भी संबोधित किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post