सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने विभिन्न मांगों को लेकर गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
यूनियन ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, ग्रेच्युटी और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग भी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने 45 दिन का मातृत्व अवकाश और अतिरिक्त चिकित्सा अवकाश देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अन्य विभागों का कार्य न कराया जाए। यदि अतिरिक्त कार्य लिया जाता है तो उसके लिए अलग से मानदेय दिया जाना चाहिए।
यूनियन ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश की सुविधा देने की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
यूनियन पदाधिकारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनका अपेक्षित समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी भी दी।
लेखराज, जिला महामंत्री सीटू
चित्रकला, महासचिव आंगनवाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड़
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post