देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में सहिया के पास लालपुल के नजदीक मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक टाटा टियागो कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। राहत की बात रही कि समय रहते एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को लालपुल के पास कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त टाटा टियागो कार (DL9C 8092) में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
तीन पुरुष और दो महिलाएं थीं सवार
बताया गया कि दुर्घटना के समय कार में कुल पांच लोग मौजूद थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को मामूली चोटें आईं।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं, हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
Reported By: Praveen Bhardwaj











Discussion about this post