
ऋषिकेश: आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गढ़ी श्यामपुर के पास चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई है। पकड़ी गई शराब को चंडीगढ़ और डिफेंस कैंटीन के नाम पर बाजार में अवैध रूप से खपाने की योजना थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कार से मिलीं रॉयल स्टैग की बोतलें और बडवाइजर बीयर
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश और देहरादून की संयुक्त टीम द्वारा गढ़ी श्यामपुर के पास वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से:
-
रॉयल स्टैग व्हिस्की की 100 बोतलें (10 पेटी)
-
बडवाइजर बीयर के 24 कैन बरामद किए गए।
नकली होलोग्राम और लेबल का हुआ खुलासा
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल डिफेंस पर्सनल Only’ और बीयर की कैन पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ Only’ के लेबल चस्पा किए गए थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि ये होलोग्राम और लेबल पूरी तरह से नकली हैं।
आबकारी विभाग के मुताबिक, इस शराब को मेरठ से लाया गया था और इसे कैंटीन की असली शराब जैसा रूप देने के लिए फर्जी लेबल लगाए गए थे। आगामी शादी-पार्टी के सीजन में इन्हें ऊंचे दामों पर खपाने की पूरी तैयारी थी।
मेरठ का आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
इस मामले में पुलिस ने कार सवार निशांत शर्मा (निवासी मेरठ) को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग और पुलिस टीम अब गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही, इस अवैध शराब के मुख्य स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच तेजी से की जा रही है।















Discussion about this post