दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणियों और अशोभनीय व्यवहार से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध का तरीका मर्यादित और सभ्य होना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चाहे हमारी युवा पीढ़ी हो या नौजवान, सभी को सभ्य भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत संस्कृति और सभ्यता का देश है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को संयम और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने के कई तरीके हैं और सभी को संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण माध्यमों का ही पालन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान ऐसी भाषा और व्यवहार से बचना चाहिए, जो समाज में गलत संदेश दे।
मुख्यमंत्री का यह बयान जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों के संदर्भ में आया है, जिनमें कुछ प्रदर्शनकारियों के कथित आचरण को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से रखने के लिए शालीनता और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण हैं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post