
देहरादून: उत्तराखंड में ‘हर घर जल’ योजना के तहत कार्य करने वाले ठेकेदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। एसडब्ल्यूएसएम (SWSM) कार्यालय, इंद्र रोड पर ठेकेदारों का धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी लगातार बनी हुई है। आज के आंदोलन के दौरान स्थिति तब गर्मा गई जब सचिवालय में पे-जल सचिव रणवीर सिंह चौहान के साथ बुलाई गई बैठक बिना किसी ठोस समाधान के समाप्त हो गई।
सचिवालय बैठक रही बेनतीजा, ठेकेदारों में निराशा
पूर्व निर्धारित योजना के तहत आज ठेकेदारों को सचिवालय कूच करना था, किंतु शासन के निर्देश पर संगठन के पांच चुने हुए प्रतिनिधियों को सचिव रणवीर सिंह चौहान के साथ वार्ता के लिए बुलाया गया। ठेकेदारों ने अपनी लंबित मांगों और बकाया भुगतानों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। हालांकि, सचिव द्वारा दिए गए आश्वासनों से ठेकेदार संतुष्ट नहीं हुए।
वार्ता विफल होने के बाद हताश प्रतिनिधि सीधे एसडब्ल्यूएसएम कार्यालय धरना स्थल पर लौटे और रोष प्रकट करते हुए तमाम जल जीवन मिशन परियोजनाओं के टेंडर बंद करने और जलापूर्ति (पानी) ठप करने की चेतावनी दी।
प्रमुख सचिव आनंद बर्धन से शाम को होगी बैठक
घटनाक्रम के अगले चरण में सचिवालय से ठेकेदारों को एक नया संदेश मिला है, जिसके तहत आज शाम को प्रमुख सचिव आनंद बर्धन के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होनी है। ठेकेदार इस बैठक पर टकटकी लगाए बैठे हैं कि शासन स्तर से उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक और लिखित निर्णय लिया जाता है या नहीं।
Reported By : Arun Sharma














Discussion about this post