
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की। राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं गांधी पार्क में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान की शुरुआत की और लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रधानमंत्री का जीवन सेवा और समर्पण को समर्पित है, इसलिए उनके जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है।
प्रदेशभर के 13 जिलों में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं स्वास्थ्य शिविर लगाए गए तो कहीं सफाई अभियान चलाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर सेवा कार्यों में भाग लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा समाज के कमजोर तबके के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाएं।
भाजपा नेताओं ने गांधी पार्क में पौधारोपण भी किया और जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरित की। सेवा पखवाड़ा के तहत अगले 15 दिनों तक पूरे प्रदेश में विभिन्न सामाजिक और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post