
प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं और संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने हर्रावाला स्थित आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय से संबंधित पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय से जुड़े सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
मदन कौशिक ने कहा कि ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज और गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में दवाइयों के वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे, इसके लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर विभागीय तैयारियों और कार्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों और योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार कर लिया जाए, ताकि केंद्र सरकार के समक्ष उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
आयुष मंत्री ने विश्वविद्यालयों में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकनीशियन, लाइब्रेरियन तथा अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए संबंधित अधियाचन भेजने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि आयुष शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और विभागीय संस्थानों में संसाधनों तथा मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
आयुष मंत्री मदन कौशिक
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post