कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित कार्लीगाड़ क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मलबा हटाने के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से आपदा के बाद क्षेत्र में चल रहे राहत एवं सुरक्षा कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से कार्लीगाड़ में जमा मलबे को शीघ्र हटाने और भविष्य में संभावित नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जमा आपदा के मलबे को अगले 15 दिनों के भीतर पूरी तरह हटाया जाए। साथ ही मलबे का वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में बारिश या भूस्खलन के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो।
उन्होंने कार्लीगाड़ के आपदा प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
गणेश जोशी ने कार्लीगाड़, शेरा गांव तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी और सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी आवश्यक राहत, पुनर्वास और सुरक्षा कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post