
उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने शनिवार को राजकीय इंटर कालेज मानपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कालेज परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय के पहुँच मार्ग एवं सीढ़ियों की मरम्मत कार्य कराने एवं कक्षा में टूटे हुए बोर्ड को बदलने के निर्देश प्रधानचार्य को दिए। ताकि छात्राओं को आवागमन की सुविधा सुलभ और पठन-पाठन व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 6 व 9 की छात्राओं के कक्षा-कक्ष में जाकर उनसे संवाद किया और हिंदी एवं गणित विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक उनके सवालों के उत्तर दिए। उसके बाद उन्होंने अन्य कक्षाओं में भी जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी जिज्ञासाओं को जाना। जिलाधिकारी ने छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और खेलकूद गतिविधियों में भी भाग लेने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने जंगल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण जंगली जानवरों से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता बरतने की भी सलाह दी।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post