
देहरादून में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से कोटद्वार के पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से गढ़वाल, कुमाऊं और उत्तर प्रदेश के मिलिट्री स्टेशन मुख्यालयों को जोड़ने वाली बहुआयामी लालढांग–कोटद्वार–रामनगर सड़क के निर्माण प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजने और इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
पूर्व सैनिकों ने बताया कि उत्तराखंड में स्थित भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून, लैंसडौन और रानीखेत में क्रमशः गढ़वाल और कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर्स संचालित हैं, लेकिन इन सभी को जोड़ने वाली कोई प्रमुख सड़क नहीं है। ऐसी सड़क बनने से सैन्य प्रशिक्षण, आवागमन और गतिविधियों में त्वरितता आएगी।
मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों की इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय में शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की और मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post