
लगातार हो रही बारिश के चलते गौरीकुण्ड से सोनप्रयाग की तरफ (करीब 1.5 किलोमीटर दूरी पर) पहाड़ी से सड़क पर बोल्डर्स, मलबा पत्थर आने से मार्ग कल सांयकाल से पूरी तरह से आवागमन हेतु बाधित हो गया है। इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनकटिया और गौरीकुण्ड के मध्य कल सांयकाल से बाधित हुए सड़क मार्ग का करीबन 50 से 70 मीटर हिस्सा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त है। इस सड़क मार्ग का वैकल्पिक पैदल मार्ग भी टूटा हुआ है।

यहां पर मार्ग के सुचारु होने में दो से तीन दिन लगेंगे। उन्होने केदारनाथ धाम यात्रा पर आ रहे यात्रियों से अपील की है कि वे इन दो-तीन दिनों में किसी अन्य धार्मिक स्थल की यात्रा पूर्ण करें। मार्ग के खुलने की जानकारी जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के सोशल मीडिया सैल के माध्यम से साझा की जायेगी। उन्होने यह भी बताया कि गौरीकुण्ड की तरफ फंसे यात्रियों को निकाले जाने की कार्यवाही की जा रही है। इस हेतु जंगलों में पैदल मार्ग की सम्भावना को तलाशे जाने हेतु एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमेें प्रयासरत हैं, वैकल्पिक मार्ग का चयन करते हुए गौरीकुण्ड की ओर फंसे यात्रियों को सुरक्षित सोनप्रयाग की ओर लाया जायेगा।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post