
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के बीच शहर के सार्वजनिक गंगा घाटों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की मांग तेज हो गई है। रविदास घाट और बिरला घाट समेत शहरी क्षेत्र के सभी गंगा घाटों के विकास की मांग को लेकर पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष एवं भाजपा नेता संजय चोपड़ा के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भजन-कीर्तन कर मेला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और घाटों के विकास कार्यों में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान बिरला घाट और रविदास घाट पर स्टील की रेलिंग लगाने, रंग-रोगन कराने और टाइल्स बिछाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कुंभ मेले को देखते हुए शहरी क्षेत्र के सभी सार्वजनिक गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण और आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराया जाना चाहिए।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने कहा कि कुंभ मेला अधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी को घाटों पर कार्य कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चार सप्ताह बीत जाने के बाद भी बिरला घाट और रविदास घाट पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कुंभ मेले के दौरान अखाड़ों के नए साधु-संतों के मुंडन संस्कार सहित कई धार्मिक अनुष्ठान बिरला घाट पर होते हैं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले साधु-संतों और तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बिरला घाट और रविदास घाट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण समय रहते कराया जाना जरूरी है।
संजय चोपड़ा ने निर्माण एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोनों घाटों पर निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो सामाजिक संगठनों के साथ चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post