मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट भवन में सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां पहुंचीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि समय के साथ उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके अनुरूप मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है।
18 हजार रुपये मानदेय की मांग
संगठन की जिला अध्यक्ष रितेश चौहान ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं। उन्होंने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय जिम्मेदारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रितेश चौहान ने कहा कि यदि सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने को लेकर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों ने प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
रितेश चौहान , जिला अध्यक्ष, आंगनवाड़ी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post