
अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के जोशी खोला व थपलिया क्षेत्र में पिछले दो–तीन दिनों से तेंदुए की सक्रियता से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। तेंदुए को लगातार घूमते हुए देखा गया है, जिसका वीडियो भी स्थानीय लोगों द्वारा जारी किया गया है।
इस संबंध में गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे को जानकारी दी। सूचना मिलते ही संजय पाण्डे ने वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया तथा प्रभागीय वनाधिकारी से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त कराने, पुलिस के माध्यम से मुनादी करवाने और तेंदुए को पकड़ने हेतु पिंजरा लगाए जाने की मांग की।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने आश्वस्त किया कि रात्रि के समय वन विभाग की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में गश्त की जाएगी तथा स्थिति का आकलन करने के बाद पिंजरा भी लगाया जाएगा।
इधर पार्षद एड. दीपक कुमार जोशी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात्रि के समय अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें।उन्होंने प्रशासन से भी मांग की है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Reported By: Pawan Khashyap













Discussion about this post