सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 10 किलोमीटर दूर नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग स्थित सरियाताल झील के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से घूमने आए पर्यटकों का एक चौपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सीधे झील में जा गिरा। वाहन में चार लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी आलम और उमेर समेत चार पर्यटक नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सरियाताल के समीप वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से फिसलकर झील में जा गिरी।
वाहन के झील में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन मुरादाबाद का है। पुलिस और प्रशासन की टीम अब वाहन को झील से बाहर निकालने की कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर किए गए बचाव कार्य के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post