
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या पर विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर निशाना साधा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा किशोरियों को वितरित की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय भंडार, मसूरी के माध्यम से दलिया, सत्तू, कुक्ड फूड, बाल भोग और हलवा जैसी सामग्री विभिन्न केंद्रों को उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन लाभार्थियों के बीच इसकी गुणवत्ता को लेकर असंतोष है।
उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है और कुछ केंद्रों में यह सामग्री खराब होने की स्थिति में पहुंच रही है। नेगी ने कहा कि विभाग को लाभार्थियों से सीधे फीडबैक लेना चाहिए, जिससे वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे वस्त्रों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कार्यकर्ताओं को दी जा रही साड़ियां और सूट गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि टेक होम राशन (टीएचआर) योजना के तहत खाद्य सामग्री वितरित करने के बजाय लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि भेजने की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि लाभार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार सामग्री खरीद सकें।
नेगी ने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का स्वतंत्र परीक्षण कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार करेगा।
हालांकि, इस संबंध में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग अथवा मंत्री रेखा आर्या की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विभाग का पक्ष आने पर मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post