
गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान पार्टी गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किए जाने के बाद वहां हुए विकास कार्यों और उनके प्रभावों को प्रमुखता से उठाएगी।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार से सवाल करेगी कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किए जाने के बाद अब तक वहां कितनी सुविधाएं विकसित की गई हैं और राजधानी के रूप में गैरसैंण के विकास को लेकर सरकार की क्या योजना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भी जानना चाहेगी कि गैरसैंण को सत्ता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की मंशा को आगे बढ़ाने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। पार्टी विधानसभा सत्र के दौरान सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगेगी।
कांग्रेस विधानमंडल दल तय करेगा मुद्दे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र में कौन-कौन से प्रस्ताव और मुद्दे सदन में रखे जाएंगे, इसका अंतिम निर्णय कांग्रेस विधानमंडल दल करेगा। उन्होंने कहा कि वह भी अपने सुझाव विधानमंडल दल के सदस्यों के सामने रखेंगे।
गोदियाल के मुताबिक गैरसैंण से जुड़े विकास कार्य, बुनियादी सुविधाएं और ग्रीष्मकालीन राजधानी के तौर पर इसकी भूमिका कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार से संबंधित विषयों पर तथ्यात्मक जवाब मांगा जाएगा।
गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र के मद्देनजर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने जहां गैरसैंण के विकास और ग्रीष्मकालीन राजधानी से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखने के संकेत दिए हैं, वहीं सत्र में उठाए जाने वाले अन्य विषयों पर कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गणेश गोदियाल प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस
Reported By: Praveen bhardwaj













Discussion about this post