उत्तराखंड के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित अस्पतालों, योजनाओं और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आयुष मंत्री ने पिछले कई वर्षों से लंबित चिकित्सकों के प्रमोशन और एसीपी (ACP) से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं एक माह के भीतर पूरी कर संबंधित फाइल शासन को भेजी जाए, ताकि कर्मचारियों को जल्द राहत मिल सके।
डीएसीपी (DACP) से संबंधित फाइल पर चर्चा करते हुए मंत्री ने बताया कि फाइल नैनीताल पहुंच चुकी है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इसे शीघ्र आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही विभागीय ढांचे में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए भी दोबारा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचकर्म सहायकों, फार्मेसी अधिकारियों और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायकों के प्रमाण पत्रों का मुद्दा भी उठाया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी पात्र कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएं।
इसके अलावा योग अनुदेशकों के ₹250 प्रति घंटे के मानदेय में वृद्धि के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इस विषय को राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार के समक्ष भी प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
बैठक में आयुष विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों और अन्य विभागीय विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अलग से बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लिए जाएं।
आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विभाग से जुड़े सभी लंबित मामलों और कर्मचारियों की मांगों के प्रति सरकार सकारात्मक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर कर्मचारियों और विभाग से जुड़े हितधारकों को राहत प्रदान की जाए।
मदन कौशिक कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार
Reported By: Rajesh Kumar












Discussion about this post