
देहरादून में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर छात्रावास परिसर में एनआईईपीवीडी और जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा विश्व दिव्यांगता दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक सविता कपूर ने किया। सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
अतिथियों ने संस्थान द्वारा दृष्टि-दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कैबिनेट मंत्री ने संस्थान को सक्षम भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया, वहीं विधायक सविता कपूर ने दिव्यांगजनों के साहस और प्रतिभा की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिले के राज्य स्तरीय पुरस्कार-2025 भी प्रदान किए गए, जिनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, दिव्यांग खिलाड़ी और स्व-रोजगार श्रेणियों सहित सेवायोजक संस्थानों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा गतिशील दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई।
अंत में डॉ. विनोद कैन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post