
चमोली। आगामी गौचर मेले एवं प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर पुलिस ने गौचर कस्बे में सघन सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी राज्यों से आकर किराये पर रह रहे लोगों के दस्तावेजों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कस्बा गौचर क्षेत्र में रह रहे बाहरी राज्यों के किरायेदारों के पहचान पत्र और पते से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही उनकी आवश्यक जानकारी भी संकलित की गई, ताकि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
इस दौरान पुलिस ने मकान मालिकों को किरायेदारों का समय पर पुलिस सत्यापन कराने के महत्व की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किरायेदारों का सत्यापन क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुलिस ने मकान मालिकों को सत्यापन से संबंधित कानूनी प्रावधानों और बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर होने वाली कार्रवाई के बारे में भी अवगत कराया।
पुलिस ने सभी मकान मालिकों को अपने यहां रह रहे किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गौचर मेले में बड़ी संख्या में व्यापारियों और आमजन की आवाजाही रहती है। वहीं प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्र में लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके और मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।
Reported By: Pawan kashyap













Discussion about this post