
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सरकार ने एक अहम निर्णय लेते हुए उत्तराखंड के राशन कार्ड धारकों को बड़ी राहत दी है। राज्य में अंत्योदय और प्राथमिक परिवार श्रेणी के लाभार्थियों को अब अप्रैल महीने में ही तीन महीनों—अप्रैल, मई और जून—का खाद्यान्न एक साथ उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में खाद्य विभाग ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं और वितरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
खाद्य सचिव आनंद स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों को तीन महीने का निशुल्क राशन अग्रिम रूप से वितरित किया जाना है। राज्य सरकार ने इसके लिए लक्ष्य तय किया है कि 20 अप्रैल तक जून माह तक का पूरा राशन वितरण सुनिश्चित कर दिया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत मिल सके।
राशन वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉस मशीनों के माध्यम से वितरण किया जाएगा। चूंकि तीन महीनों का राशन एक साथ दिया जा रहा है, इसलिए लाभार्थियों को तीन बार बायोमेट्रिक ट्रांजेक्शन करना होगा। इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राशन सही लाभार्थियों तक पहुंचे और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
इसके अलावा, जिन लाभार्थियों ने मार्च महीने का राशन नहीं लिया है, उनके लिए 15 अप्रैल तक का अंतिम अवसर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर राशन नहीं लेने पर बाद में कोई दावा मान्य नहीं होगा।
आनंद स्वरूप, सचिव, खाद्य विभाग
Reported By: Pawan Kashyap














Discussion about this post