मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति पर जोर दिया, जिनमें देहरादून क्षेत्र में बाल्दी नदी और कार्लीगाड़ नदी से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल हैं। सहस्त्रधारा बाजार के दोनों तटों पर लगभग ₹2708 लाख की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, कार्लीगाड़ गांव में ₹503 लाख की योजना और ग्राम पंचायत धनौला से बांडावाली तक ₹854 लाख की परियोजना को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने अधिकारियों को शासन स्तर पर लंबित प्रस्तावों का लगातार फॉलोअप करने और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी होनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके और क्षेत्र में बुनियादी ढांचा मजबूत हो सके।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post