न्यू स्टार क्लब ऋषिकेश और श्री गणपति सेवा मंडल की ओर से आयोजित छठे गणेश महोत्सव के तहत मंगलवार को हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में भव्य ‘रुद्र राग—श्री महाकाल संध्या’ का आयोजन किया गया। शाम आठ बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘एक दिव्य शिव लीला’ का मंचन रहा। इसमें भगवान शिव और माता सती के प्रेम, समर्पण, त्याग और शिव-शक्ति के दिव्य स्वरूप को मंच पर जीवंत किया गया। दिल्ली से पहुंचे बॉलीवुड टी-सीरीज फेम अभिनेता नितिन चक्रधारी ने भगवान शिव की भूमिका में प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं माता सती की भूमिका में सोनिया ने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को शिव-सती की प्रेमगाथा से जोड़ा।
नितिन चक्रधारी और सोनिया की जोड़ी ने अभिनय, भाव-भंगिमा और नृत्य के माध्यम से शिव और सती के प्रेम, विश्वास, समर्पण और त्याग को मंच पर प्रस्तुत किया। भव्य प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था ने प्रस्तुति को और आकर्षक बना दिया। शिव तांडव नृत्य और शिव लीला मंचन के दौरान दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए।
गणेश महोत्सव के तहत आयोजित इस विशेष संध्या को लेकर न्यू स्टार क्लब, श्री गणपति सेवा मंडल के सदस्यों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह रहा। न्यू स्टार क्लब के संस्थापक एवं निर्देशक के.के. सचदेवा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम में भजन संध्या और प्रसाद वितरण भी आकर्षण का केंद्र रहा।
आयोजकों ने कहा कि ‘रुद्र राग’ महज एक मंचीय प्रस्तुति नहीं, बल्कि भगवान शिव और शक्ति के दिव्य संबंध को महसूस करने का अवसर है। इसमें प्रेम के साथ त्याग, शक्ति के साथ समर्पण और भक्ति के साथ भावनाओं का संगम प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि भाजपा प्रवक्ता अनुकृति गोसाई रावत ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने ‘रुद्र राग’ की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि श्री महाकाल की लीला के मंचन में अद्भुत दृश्य देखने को मिले। उन्होंने गणेश महोत्सव के आयोजकों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक दर्शक कार्यक्रम से जुड़े रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post