उत्तरकाशी। तहसील भटवाड़ी के भंगेली गांव में कुछ बच्चों के फोड़े-फुंसी और बुखार से पीड़ित होने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की ओर से मिली सूचना के साथ ही समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल संज्ञान लिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भंगेली के ग्राम प्रधान
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और प्रभावित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद बच्चों को उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकीय टीम बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी भी रख रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार कैंप कर रही है। उपचार के बाद बच्चों की स्थिति सामान्य है और फोड़े-फुंसी सहित अन्य लक्षणों में भी सुधार देखा गया है। उन्होंने बताया कि गांव में स्वास्थ्य टीम द्वारा परीक्षण और उपचार की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।
सीएमओ ने विभिन्न समाचार पत्रों में कॉक्ससैकी वायरस संक्रमण से संबंधित प्रकाशित खबरों को लेकर स्पष्ट किया कि गांव में कॉक्ससैकी वायरस संक्रमण की खबर पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों की जांच और निगरानी की जा रही है तथा फिलहाल बच्चों की स्थिति सामान्य है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और आवश्यकता के अनुसार उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि बच्चों में किसी भी तरह के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय कार्रवाई की जा सके।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post