
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में कथित फर्जी किन्नरों द्वारा जबरन वसूली और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि पिछले कई दिनों से कुछ युवक किन्नर का वेश धारण कर शहर की दुकानों, सड़कों और वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूल रहे थे। विरोध करने पर कुछ वाहन चालकों के साथ मारपीट किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर किन्नर समाज के दो दर्जन से अधिक सदस्य मौके पर पहुंचे और कथित फर्जी किन्नरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान किन्नर समाज ने अनोखे ढंग से प्रदर्शन करते हुए नग्न होकर अपना आक्रोश जताया। इसके बाद सभी कथित फर्जी किन्नरों को लेकर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे, जहां कई घंटों तक हंगामा चलता रहा।
किन्नर समाज का कहना है कि कुछ लोग किन्नर का वेश धारण कर अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार कर पूरे समुदाय की छवि धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों को हिरासत में ले लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किन्नर
विभव सैनी, सीओ सिटी रुद्रपुर
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post