
राजधानी देहरादून के लालपुल क्षेत्र में युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने मामूली विवाद के बाद दो युवकों पर डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया। मारपीट में एक युवक का सिर फट गया, जबकि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, लालपुल क्षेत्र में बीती शाम युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दो युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान डंडे और बेल्ट से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
क्षेत्राधिकारी सदर अंकित कंडारी के अनुसार, मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
राजधानी में मारपीट की इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अंकित कंडारी, क्षेत्राधिकारी सदर, देहरादून।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post