कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं सीवरेज नेटवर्क परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि कोटद्वार में लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और विस्तृत सीवरेज नेटवर्क का निर्माण केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत किया जा रहा है।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद नगर क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे गंगा एवं उसकी सहायक नदियों में प्रदूषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नमामि गंगे अभियान ने देशभर में स्वच्छता, नदी संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। कोटद्वार में संचालित यह परियोजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो नगर की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को भी पूरा करेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोटद्वार में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं सीवरेज नेटवर्क परियोजना के पूरा होने से नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी, सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार आएगा और नगर के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परियोजना से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post