
हरिद्वार के शिवालिकनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता विकास गोयल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विकास गोयल अपने घर के बाहर पौधों में पानी दे रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल विकास गोयल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज रफ्तार कार को सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है।
मामले में मृतक की पत्नी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post