उत्तरकाशी। मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हवाई पट्टी के एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह भारतीय वायुसेना के सामरिक संचालन के साथ ही आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी आवाजाही में भी उपयोगी है। मुख्य सचिव ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और प्रस्तावित विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
महिला समूहों के उत्पादों का किया अवलोकन
इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से सीधे संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन और अनुभवों की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन किया और आर्थिक स्वावलंबन एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से क्लस्टर से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इनमें बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पाद और अचार निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत भी मौजूद रहे।
पीएम श्री स्कूल में बच्चों से किया संवाद
मुख्य सचिव ने इसके बाद विकासखंड डुंडा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित
इस दौरान मुख्य सचिव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव (कक्षा 12) और कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम (कक्षा 11) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को भी सम्मानित किया गया।
परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को भी मुख्य सचिव ने सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
Reported By: Gopal Nautiyal











Discussion about this post