
संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कालाढूंगी–कोटाबाग विधानसभा क्षेत्र में 114 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घोड़ा लाइब्रेरी एक अभिनव पहल है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और ज्ञान पहुंचाने का कार्य कर रही है। यह प्रयास स्थानीय उत्पादों, लोकसंस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई योजनाएं क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, सड़क संपर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगी।
शीतकालीन पर्यटन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और कहा कि उनकी प्रेरणा से शुरू हुई शीतकालीन यात्रा राज्य के लिए ऐतिहासिक कदम है। इससे पर्यटन को वर्षभर सक्रिय रखा जा सकेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा पर भी जोर दिया और स्पष्ट किया कि राज्य में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति, शिक्षा और विकास को एक साथ आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post