
पौड़ी में पहाड़ों में बढ़ते मानव–वन्यजीव संघर्ष को लेकर कांग्रेस ने जिला कार्यालय पर धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए बस स्टेशन से डीएम कार्यालय तक रैली निकालकर एडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा और इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस योजना की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। गुलदार हमलों में मारे गए लोगों और घायलों के परिजनों के लिए न तो प्रभावी मुआवजा व्यवस्था है और न ही दीर्घकालिक समाधान। कांग्रेस ने मांग की कि वन्यजीव हमलों में मृत्यु पर 25 लाख रुपये मुआवजा, घायलों को पूर्ण उपचार व न्यूनतम एक लाख रुपये सहायता तथा आश्रितों को वैकल्पिक रोजगार दिया जाए।
कांग्रेस ने वन विभाग से पिछले पांच वर्षों में किए गए प्रयासों पर श्वेत पत्र जारी करने, प्रत्येक रेंज में पर्याप्त पिंजड़े उपलब्ध कराने, पकड़े गए गुलदारों की संख्या व उनके पुनर्वास की जानकारी सार्वजनिक करने, वन्यजीवों की ताजा गणना कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित झाड़ी कटान अभियान चलाने की भी मांग उठाई।
Reported By: Anil Bahuguna













Discussion about this post